
एग्जिट पोल: उत्तर प्रदेश उपचुनाव
उत्तर प्रदेश में ‘बाबा’ का जलवा कायम!
चौपाल न्यूज नेटवर्क
बिहार विधान सभा चुनाव के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश में खाली पड़ी सीटों के लिए हुए उपचुनाव का भी एग्जिट पोल दिखने शुरू हो गये हैं। अलग-अलग न्यूज चैनलों व एजेंसियों की साझा एग्जिट पोल में एक तरफ बिहार में जहां राजद-कांग्रेस गठबंधन को सत्ता का सिंहासन मिलता दिख रहा है वहीं अन्य राज्यों के उपचुनाव में भी अलग-अलग दल जीत का स्वाद चखते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की बात करें तो सूबे की खाली पड़ी सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी फतह करती नजर आ रही है।
प्रदेश की सात खाली सीटों पर उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ था। इसके परिणाम 10 नवंबर को आएंगे। इन सीटों 88 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की थी जिनकी किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो चुका है। ये सीटें हैं अमरोहा जिले की नौगंवा सादात, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, जिले की टूण्डला सुरक्षित, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर नगर की घाटमपुर सुरक्षित, देवरिया और जौनपुर की मल्हनी विधानसभा क्षेत्र।
प्रदेश की इन सातों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में भी भाजपा बाजी मार रही है। इसके अनुसार भाजपा को 37 प्रतिशत तथा समाजवादी पार्टी को 27 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। बहुजन समाज पार्टी को 20 फीसदी और छह सीट पर लड़ी कांग्रेस को आठ फीसदी वोट मिले सकते हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया पोल सर्वे यूपी में भाजपा को पांच से छह सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त कर रहा है। इसी तरह समाजवादी पार्टी को एक से दो सीटें और बसपा को शून्य से एक सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
एग्जिट पोल के परिणामों के मुताबिक यूपी के चुनावी सेमीफाइनल में बीजेपी बाजी मारती नजर आ रही है। यानी कि सीएम योगी आदित्यनाथ अपना दबदबा कायम रखने में कामयाब रहे। एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक यूपी की सात विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 5-6 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी को एक से दो विधानसभा सीट पर जीत हासिल कर सकती है।